मुंबई.
महाराष्ट्र के धुले में एक केमिकल फैक्ट्री में शनिवार सुबह सिलेंडर में धमाके के बाद आग लग गई, जिसमें 8 की मौत हो गई। 15 लोग जख्मी हैं। यह फैक्ट्री शिरपुर तालुका के वघाडी गांव में स्थित है। धमाका इतना भीषण था कि इसकी गूंज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसा सुबह करीब 9.15 बजे हुआ। शिरपुर एक इंडस्ट्रियल एरिया है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रथम जांच में ऐसा लग रहा है कि कई सिलेंडरों में धमाके हुए हैं। फैक्ट्री में करीब 100 से ज्यादा कर्मचारी मौजूद थे। अभी भी करीब 50 लोगों के फैक्ट्री में फंसे होने की आशंका है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।